रामनगर में धूमधाम से निकली श्रीकृष्ण की डोल यात्रा: जयकारों से गूंजा कस्बा, गली-मोहल्लों से होकर गुजरी यात्रा

पंकज चतुर्वेदी

बाराबंकी। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की खुशी में गुरुवार को रामनगर कस्बा पूरी तरह भक्तिरस में डूबा नजर आया। श्री राम जानकी पंचायती मंदिर से भगवान श्रीकृष्ण की डोल यात्रा धूमधाम और धार्मिक उल्लास के साथ निकाली गई। गाजे-बाजे के बीच निकली डोल यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर भगवान श्रीकृष्ण का स्वागत किया और आरती उतारकर सुख-समृद्धि की कामना की। ‘जय कन्हैया लाल की, हाथी घोड़ा पालकी’ के जयघोष से पूरा कस्बा गूंज उठा और देर तक कृष्ण भक्ति का माहौल बना रहा।

डोल यात्रा से पहले श्री राम जानकी पंचायती मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती की गई। इस अवसर पर पूर्व विधायक शरद अवस्थी, पूर्व चेयरमैन बद्री विशाल त्रिपाठी, अनूप पांडेय, बिन्ना दुबे, पुजारी राजू, बार महामंत्री कमल तिवारी, पंकज समेत अन्य श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण का पूजन कर आशीर्वाद लिया। धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के बाद भगवान श्रीकृष्ण की सुसज्जित पालकी को श्रद्धालुओं ने अपने कंधों पर उठाया और डोल यात्रा का शुभारंभ हुआ।

गली-मोहल्लों से होकर गुजरी यात्रा, घरों के बाहर उतारी आरती

मंदिर से शुरू हुई भगवान श्रीकृष्ण की डोल यात्रा कस्बे के विभिन्न गली-मोहल्लों, मुख्य मार्ग और अंदर बाजार से होकर गुजरी। जैसे ही यात्रा किसी मोहल्ले या बाजार क्षेत्र में पहुंचती, लोगों में भगवान के दर्शन और आरती को लेकर उत्साह दिखाई देता। श्रद्धालुओं ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों के सामने भगवान श्रीकृष्ण की आरती उतारी तथा पुष्प अर्पित किए। लोगों ने भगवान से परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। यात्रा के दौरान पूरा कस्बा कृष्ण भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

घोड़े और भजन मंडली रहे आकर्षण का केंद्र

डोल यात्रा में सजे-धजे घोड़े लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। भजन मंडली कृष्ण भजनों की धुन बिखेरते हुए यात्रा के साथ चल रही थी। वहीं युवा हाथों में केसरिया ध्वज लेकर डीजे की धुन पर उत्साह के साथ झूमते नजर आए। पूरे यात्रा मार्ग पर कृष्ण भक्ति के गीत, भजनों और जयकारों की गूंज सुनाई देती रही। श्रद्धालुओं के उत्साह और धार्मिक उमंग ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

भाजपा नेताओं ने भी किया पूजन, पुलिस रही मुस्तैद

डोल यात्रा के दौरान भाजपा नेता शिव प्रकाश अवस्थी उर्फ राहुल और गौरीकांत दीक्षित ने भी भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की। वहीं यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। कोतवाल अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने यात्रा मार्ग पर व्यवस्था संभाली और श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखी।

बड़ी संख्या में शामिल हुए श्रद्धालु

डोल यात्रा में विश्वनाथ शुक्ला, सुभाष तिवारी, ब्रजेंद्र तिवारी, विमल शर्मा समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। यात्रा के दौरान लोगों में भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन और पूजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। देर तक चले धार्मिक आयोजन से पूरे रामनगर कस्बे में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।