सरयू नदी की तेज कटान से प्रभावित हेतमापुर पहुंचे पूर्व मंत्री: ग्रामीणों की सुनी समस्याएं मदद का दिया भरोसा

बाराबंकी। सरयू नदी में हो रही तेज कटान से प्रभावित क्षेत्र का पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ कार्य खंड के अधिकारियों से कटान की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली और नदी की कटान रोकने के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। पूर्व मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कटान प्रभावित ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और उन्हें हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाए।

पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप ने इस दौरान कटान से प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने उन्हें कटान के कारण उत्पन्न हो रही परेशानियों और अपनी जरूरतों से अवगत कराया। पूर्व मंत्री ने प्रभावित परिवारों को खाद्य सामग्री और टार्च वितरित करते हुए भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा होना सभी की जिम्मेदारी है और ग्रामीणों को राहत पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों से कटान प्रभावित इलाकों पर लगातार निगरानी बनाए रखने तथा आवश्यक राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित करने की बात कही। पूर्व मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की स्थिति में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को मिलकर प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। इस मौके पर पूर्व विधायक राम गोपाल रावत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।