कान की बालियां लूटकर बेचते थे, फिर आपस में बांट लेते थे रुपये; तीन आरोपित गिरफ्तार


बाराबंकी। महिलाओं के कान से सोने की बालियां लूटकर उन्हें बेचने और मिले रुपयों को आपस में बांटने वाले गिरोह का कोतवाली नगर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए जेवर बेचकर मिले 17,200 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान लखनऊ के सहादतगंज थाना क्षेत्र निवासी फरमान उर्फ राहिल, अब्दुल्ला कामरान और अब्दुल समद के रूप में हुई है। तीनों के नाम कोतवाली नगर में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान सामने आए थे।
थाना प्रभारी राम अवतार राम ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रीगल होटल के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 28 अगस्त को सफेदाबाद क्षेत्र में एक महिला के कान से सोने का बाला लूटा था। लूटे गए जेवर को बेचने के बाद मिले रुपये आपस में बांट लिए गए थे। पुलिस पूछताछ में लखनऊ के तालकटोरा थाना क्षेत्र स्थित सीएमएस वाली गली में भी इसी तरह की वारदात किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से जेवर बेचकर प्राप्त 17,200 रुपये तथा घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों और उनके साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। बरामदगी और पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।