
कोसीकलां। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। एक महीने तक चलने वाला यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से सेवा, जनसंपर्क और सामाजिक सरोकार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मंगलवार देर शाम अग्रसेन नगर में आयोजित बैठक में भाजपा जिला उपाध्यक्ष कमल किशोर वार्ष्णेय ने अभियान की रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा भगवती मंदिर और गोमती कुंड पर दीपदान कार्यक्रम भी होगा।
भाजपा मंडल अध्यक्ष सौरभ जैन ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत रक्तदान से की जाएगी। अभियान के दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ ही जनसंपर्क गतिविधियों पर भी जोर रहेगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय ने बताया कि अभियान के तहत ‘25 वर्षों के 25 सेवा कार्य’ की अवधारणा रखी गई है। प्रत्येक कार्यकर्ता इनमें से किसी एक सेवा कार्य को अपनाकर उसमें सहभागिता करेगा। अभियान में युवा सहभागिता, जनसंपर्क, सेवा गतिविधियों और नवाचार से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत रक्तदान, स्वच्छता, जनभागीदारी और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। भाजपा पदाधिकारियों ने बैठक में अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय सहभागिता की अपील की।
बैठक में मंडल कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, विनय उपाध्याय, दीपक बडगुजर, अजय चौमुहिया, भगवत गुप्ता, टिंकू अग्रवाल, सौरभ वाल्मीकि, पवन बंसल, सुंदर पटेल, मयंक ठाकुर, विजय शर्मा आदि मौजूद रहे।