
लखनऊ। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में नाबालिग बच्चों को मानव तस्करी और बाल श्रम से बचाने के लिए चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन आहट’ के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की टीम ने पांच नाबालिग बच्चों को सुरक्षित बरामद किया। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को लखनऊ मंडल की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की टीम ट्रेन संख्या 15568 में अयोध्या कैंट से लखनऊ के बीच चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम को कोच संख्या एस-5 में पांच नाबालिग लड़के दिखाई दिए। बच्चों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर टीम ने उनसे पूछताछ की।
कटिहार से अहमदाबाद ले जाए जा रहे थे बच्चे
प्राथमिक पूछताछ में बच्चों ने बताया कि उन्हें एक व्यक्ति कटिहार, बिहार से अहमदाबाद, गुजरात ले जा रहा था। वहां उनसे बिजली के तार से संबंधित काम कराया जाना था। मामला बाल श्रम और मानव तस्करी से जुड़ा प्रतीत होने पर टीम ने बच्चों के साथ यात्रा कर रहे व्यक्ति को ट्रेन से उतारकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जहांगीर आलम पुत्र तजीबुर रहमान, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम रंगाईपुर, पोस्ट बी. दौलतपुर, थाना हरिश्चंद्रपुर, जिला मालदा, पश्चिम बंगाल बताया।
रेलवे के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि बच्चों के माता-पिता को अग्रिम भुगतान और अधिक पैसे का लालच देकर उन्हें मजदूरी के लिए ले जाया जा रहा था।
बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपुर्द किया
मामले की गंभीरता को देखते हुए पांचों नाबालिग बच्चों को आवश्यक संरक्षण और सहायता उपलब्ध कराने के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं आरोपी को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, लखनऊ की निगरानी में रखा गया।
इस मामले में 25 सितंबर 2026 को थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (AHT), डालीगंज, लखनऊ में लिखित तहरीर दी गई। इसके आधार पर आरोपी जहांगीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। रेलवे की विज्ञप्ति में मुकदमा अपराध संख्या 06/2025 और धारा 143(5) बीएनएस का उल्लेख किया गया है।
आरोपी को 26 सितंबर 2026 को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के आदेश दिए गए।
रेलवे में लगातार चल रहा अभियान
उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल की ओर से नाबालिग बच्चों की सुरक्षा, मानव तस्करी की रोकथाम और बाल श्रम के मामलों की पहचान के लिए रेलवे परिसरों तथा ट्रेनों में लगातार निगरानी और अभियान चलाए जा रहे हैं।
रेलवे ने यात्रियों और आमजन से अपील की है कि ट्रेनों या रेलवे परिसरों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा नाबालिग बच्चों की संदिग्ध आवाजाही की जानकारी तत्काल रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस या संबंधित हेल्पलाइन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।