
हरदोई/बिलग्राम, 30 सितंबर। हरदोई जिले के बिलग्राम नगर के सदर बाजार स्थित बिट्टू शॉपिंग मॉल में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि मॉल के अंदर रखा कपड़ा और अन्य सामान जलकर राख हो गया। मॉल संचालक लखन गुप्ता के भाई राम जी गुप्ता के अनुसार, अग्निकांड में करीब 80 लाख रुपये का सामान नष्ट होने का अनुमान है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, देर रात मॉल से धुआं उठता देखकर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना संचालक को दी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। आग के आसपास की दुकानों तक पहुंचने की आशंका को देखते हुए पड़ोस स्थित हाफिज जी गारमेंट्स दुकान को आनन-फानन में खाली कराया गया।
पांच स्थानों से पहुंची दमकल की गाड़ियां
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को जानकारी दी गई। आग की गंभीरता को देखते हुए बिलग्राम, संडीला, सवायजपुर, हरदोई और मल्लावां से दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। दमकल कर्मियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बताया गया कि मॉल के सौर ऊर्जा स्टोर रूम में बैटरियां रखी थीं। आग की चपेट में आने से कुछ बैटरियां फट गईं, जिससे राहत और बचाव कार्य में दमकल कर्मियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आग पर नियंत्रण पाने के लिए दमकल कर्मियों ने आसपास की इमारतों का भी सहारा लिया।
पड़ोसी की छत से दीवार तोड़कर बुझाई आग
आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों ने पड़ोसी अनिल राठौर की छत का इस्तेमाल किया। टीम ने छत से मॉल की दीवार को तोड़कर अंदर पहुंचने का रास्ता बनाया और इसके बाद पानी की बौछार कर आग को नियंत्रित किया। काफी प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
अग्निकांड में मॉल के अंदर रखा कपड़ा और अन्य सामान पूरी तरह जल गया। घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल रहा। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद आग लगने की वजह स्पष्ट हो सकेगी।