
गैसड़ी/बलरामपुर। बिजली विभाग की लापरवाही का खामियाजा बलरामपुर जिले के थारू बाहुल्य नेवलगढ़ गांव के ग्रामीण भुगत रहे हैं। कोतवाली जरवा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नेवलगढ़ में पिछले 16 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। करीब दो हजार की आबादी अंधेरे में रहने को मजबूर है। चक्रवात के दौरान बिजली का पोल टूटकर सड़क पर गिर गया था, लेकिन ग्रामीणों के मुताबिक अब तक विभाग ने उसकी मरम्मत नहीं कराई है। लगातार बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है।
जंगल से सटे इस गांव में बिजली गुल होने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शाम ढलते ही लोगों को तेंदुए का डर सताने लगता है। अंधेरे के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं घरेलू कामकाज और रोजमर्रा की गतिविधियां भी बाधित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली जैसी बुनियादी सुविधा के अभाव में उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
टूटे पोल पर खड़े होकर जताया विरोध
लंबे समय से बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने और विभागीय अधिकारियों की कथित अनदेखी से नाराज ग्रामीणों ने रात में टूटे बिजली के पोल पर खड़े होकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की। उनका कहना है कि जब तक टूटे पोल को बदलकर विद्युत व्यवस्था दुरुस्त नहीं की जाती, तब तक गांव के लोगों की समस्याएं दूर नहीं होंगी।
प्रदर्शन में ग्राम प्रधान घनश्याम यादव, पूर्व प्रधान रामबचन राना, बीडीसी प्रेमलाल, सुनील चौधरी और छेदी यादव समेत दर्जनों ग्रामीण शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की।
डीएम से लगाई गुहार, विभागीय जवाब का इंतजार
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर विद्युत विभाग के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश देने की अपील की है। उनका कहना है कि 16 दिनों से आपूर्ति ठप होने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होना गंभीर लापरवाही है।
मामले में विद्युत विभाग का पक्ष जानने के लिए अवर अभियंता (जेई) से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन नहीं लगने के कारण उनका पक्ष नहीं मिल सका। अब ग्रामीणों को बिजली आपूर्ति बहाल होने का इंतजार है।