
रामनगर (बाराबंकी)। नगर पंचायत रामनगर में मंगलवार को नौ दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। श्रद्धा और उत्साह से सराबोर इस यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। सिर पर कलश धारण कर चल रहीं महिलाओं की टोली और श्रीराम के जयकारों से पूरा कस्बा भक्तिमय नजर आया।
कलश यात्रा का शुभारंभ पंचमुखी हनुमान मंदिर से हुआ। यात्रा रामनगर-बदोसराय मार्ग, बुढ़वल चौराहा और पक्का तालाब होते हुए पुरानी तहसील स्थित कथा स्थल पर पहुंची। मार्ग में जगह-जगह कस्बावासियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। सजे-धजे रथ और घोड़े आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं, डीजे पर गूंजते भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु झूमते-गाते आगे बढ़ते रहे। युवाओं और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
कथा स्थल पर पहुंचने के बाद कथा व्यास श्रीकृष्ण अतुल भारद्वाज महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से कलश स्थापना कराई। इसके साथ ही नौ दिवसीय श्रीराम कथा का विधिवत शुभारंभ हो गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के जयकारे लगाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कथा आयोजक गौरीकांत दीक्षित, रविकांत पांडेय, पवन कुमार ओझा और अनुपम पांडेय ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीराम कथा का श्रवण करने की अपील की।
भव्य आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। पुलिसकर्मियों ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए कलश यात्रा को सुरक्षित ढंग से कथा स्थल तक पहुंचाने में सहयोग किया।
इस अवसर पर अयोध्या हनुमानगढ़ी के बाबा बलराम दास, रानी मृणालिनी सिंह, भाजपा नेता प्रमोद तिवारी, राधाकृष्ण मिश्रा, सिद्धार्थ अवस्थी और साध्वी अर्चना गिरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नगरवासी मौजूद रहे।