IIT खड़गपुर की स्थापना 1951 में हुई थी और यह देश का पहला IIT है

डिजिटल डेस्क, खड़गपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के IIT खड़गपुर में आयोजित प्लेटिनम जुबली समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने भारत की विकास यात्रा, युवाओं की भूमिका, नवाचार और आत्मनिर्भरता पर बात की। पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्र अपनी क्षमताओं को तभी पहचानते हैं, जब वे सोच की सीमाओं को तोड़ते हैं। भारत ने दुनिया को संदेश दिया है- ‘ब्रेक द लिमिट्स, अनलॉक द पॉसिबिलिटीज’।
IIT खड़गपुर की 75 साल की यात्रा को किया याद
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बंगाल में विचारों को बल मिलता है। IIT खड़गपुर के समारोह में उनके सामने भारत का अतीत, वर्तमान और भविष्य एक साथ दिखाई दे रहा है। उन्होंने संस्थान में मौजूद प्रतिभाशाली और महत्वाकांक्षी युवा पीढ़ी का भी उल्लेख किया।
IIT खड़गपुर की स्थापना 1951 में हुई थी। पश्चिम मेदिनीपुर जिले में स्थित यह देश का पहला भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान है। इसके 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री पहले कलाईकुंडा वायुसेना अड्डे पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग से संस्थान के परिसर तक गए।
पीएम मोदी ने कहा कि अपनी स्थापना के बाद से संस्थान ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। बीते 75 वर्षों में भारत ने बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन और डाक पत्रों से सोशल मीडिया संदेशों तक का सफर तय किया है। इस बदलाव में देश के पहले IIT के रूप में खड़गपुर संस्थान की भी अहम भूमिका रही है।
‘पावर टू एम्पावर’ के सिद्धांत से गरीबी पर बात
प्रधानमंत्री ने गरीबी उन्मूलन और सरकार की नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि करीब 20 साल पहले तक देश में गरीबी को स्थायी समस्या माना जाता था। उनके मुताबिक, पांच दशक पहले भी लाल किले से गरीबी हटाने के नारे दिए जाते थे, लेकिन व्यवस्था नीतियां बनाने के नाम पर फाइलें तैयार करने तक सीमित रह जाती थी।
पीएम मोदी ने कहा कि जब उनकी सरकार सत्ता में आई और उन्होंने लाल किले से देश में शौचालय बनाने की घोषणा की, तो संसद में कुछ लोगों ने इसका मजाक उड़ाया। उन्होंने कहा कि वे लोग गरीब माताओं और बहनों के लिए शौचालय की सुविधा के महत्व को समझ नहीं पाए।
प्रधानमंत्री के अनुसार, पिछले 12 वर्षों में सरकार ने इस सोच को बदलने का प्रयास किया है। उन्होंने अपने मार्गदर्शक सिद्धांत को ‘पावर टू एम्पावर’ बताया, यानी लोगों को सशक्त बनाने की शक्ति देना।
‘आकांक्षा से आत्मनिर्भरता तक का सफर विकसित भारत की ऊर्जा’
IIT खड़गपुर की स्थापना के समय भारत को आजाद हुए ज्यादा समय नहीं हुआ था और देश में पहला आम चुनाव भी नहीं हुआ था। प्रधानमंत्री ने कहा कि उस दौर में उद्योग और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए देश को इंजीनियरों की जरूरत थी।

उन्होंने बताया कि भारत की वैज्ञानिक क्षमताएं बढ़ने के साथ संस्थान के विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों ने देश के अंतरिक्ष तथा परमाणु ऊर्जा कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने में योगदान दिया। पीएम मोदी ने कहा कि आकांक्षा से आत्मनिर्भरता तक का सफर ही विकसित भारत के निर्माण की असली ऊर्जा है।
प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि IIT खड़गपुर का 75 वर्षों का अनुभव देश के विकास और नवाचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि भारत विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है और संस्थान आज के आकांक्षी भारत के सपनों को पूरा करने में योगदान देगा।
पीएम मोदी ने चुनौतियों का सामना करने के साहस को किसी देश की क्षमता से जोड़ा। उन्होंने कहा, “मैं चुनौतियों को चुनौती देने से खुद को रोक नहीं सकता। अक्सर लोग खुद ही अपने लिए सीमाएं तय कर लेते हैं।”
सेमीकंडक्टर मिशन और भारत में चिप निर्यात का जिक्र
प्रधानमंत्री ने भारत में सेमीकंडक्टर उद्योग की शुरुआत से जुड़े एक पुराने प्रसंग का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि करीब 50 साल पहले एक कंपनी भारत में सेमीकंडक्टर बनाने आई थी, लेकिन उस समय उसे लाल झंडी दिखाकर वापस भेज दिया गया।
पीएम मोदी के मुताबिक, जब उन्होंने देश में सेमीकंडक्टर मिशन शुरू करने की बात कही तो कुछ लोगों ने इसे देर से उठाया गया कदम बताया। हालांकि, सरकार ने मिशन को आगे बढ़ाया और अब भारत ने चिप का निर्यात करना शुरू कर दिया है।
उन्होंने ‘नेशन फर्स्ट’ यानी राष्ट्र प्रथम की भावना को किसी भी काम को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी बताया। प्रधानमंत्री ने IIT खड़गपुर के विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि जब संस्थान अपने 100 वर्ष पूरे करे, तब तक भारत एक विकसित राष्ट्र बन चुका हो।
विश्व बैंक की रिपोर्ट और अंतरिक्ष क्षेत्र में युवाओं की भूमिका
प्रधानमंत्री ने गरीबी में कमी का जिक्र करते हुए विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के अनुसार, भारत में पिछले 12 से 13 वर्षों के दौरान 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने इसे सोच की सीमाएं तोड़कर नई संभावनाएं तलाशने का परिणाम बताया।

अंतरिक्ष क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी पर पीएम मोदी ने कहा कि सरकार ने इस क्षेत्र को देश के युवाओं के लिए खोला है। इसके बाद कई नए स्टार्टअप इस क्षेत्र में तेजी से काम कर रहे हैं।
उन्होंने IIT खड़गपुर के पूर्व छात्र पवन का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने स्काईरूट एयरोस्पेस की स्थापना की और भारत को पहला निजी रॉकेट लॉन्च करने का गौरव दिलाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि कई स्पेस स्टार्टअप देश के अंतरिक्ष कार्यक्रम को नई गति दे रहे हैं। उन्होंने संस्थान के पूर्व छात्रों के योगदान पर भी गर्व जताया।
विकसित भारत के लक्ष्य पर प्रधानमंत्री का जोर
IIT खड़गपुर के 75 वर्ष पूरे होने के समारोह में प्रधानमंत्री का मुख्य संदेश सोच की सीमाएं तोड़ने, नवाचार को बढ़ावा देने और युवाओं की क्षमता का उपयोग करने पर केंद्रित रहा। उन्होंने संस्थान के विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों से ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ काम करने और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में योगदान देने का आह्वान किया। (Expose India)
यह भी पढ़ें
चूरू जिला परिषद चुनाव: BJP के दोनों हाथों में लड्डू, राजेंद्र राठौड़ के बेटे-बहू दोनों जीते
3 महाशक्तियां, 1 AI रेस: रूस-अमेरिका-चीन में सहमति या टकराव?