
कासगंज। जनपद कासगंज के गंजडुण्डवारा क्षेत्र स्थित ग्राम बहारपुर में चार वर्षीय बालिका की हत्या के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) आगरा जोन एस.के. भगत ने शनिवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बहारपुर से चार वर्षीय बालिका के लापता होने की सूचना मिलने पर थाना गंजडुण्डवारा में मुकदमा संख्या 145/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद क्षेत्राधिकारी पटियाली के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस, एसओजी और डॉग स्क्वायड की संयुक्त टीमों ने व्यापक सर्च अभियान चलाया। तलाश के दौरान बालिका का शव गांव के एक खेत से बरामद हुआ। पोस्टमार्टम के बाद मामले को हत्या की धाराओं में दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
घटना के बाद स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और संदिग्धों की गतिविधियों को भी खंगाला जा रहा है।
शनिवार को एडीजी आगरा जोन एस.के. भगत ने पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने घटना के खुलासे के लिए गठित टीमों की समीक्षा की और जांच की प्रगति की जानकारी ली। एडीजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वैज्ञानिक एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच की जाए तथा मामले के हर पहलू को ध्यान में रखते हुए दोषियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
एडीजी एस.के. भगत ने कहा कि इस संवेदनशील मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार काम कर रही हैं और जल्द ही घटना का सफल अनावरण किया जाएगा। उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक कासगंज, क्षेत्राधिकारी पटियाली, प्रभारी निरीक्षक गंजडुण्डवारा सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।