अब कमता नहीं, सीधे केसरबाग तक जाएंगी अनुबंधित बसें; यात्रियों को मिलेगी राहत: एआरएम संजीव श्रीवास्तव


बाराबंकी। रोडवेज बस सेवाओं को अधिक सुगम और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से बाराबंकी डिपो के नवागत सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) संजीव कुमार श्रीवास्तव ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने स्पष्ट किया कि अब बाराबंकी से संचालित अनुबंधित बसें कमता चौराहे से वापस नहीं लौटेंगी, बल्कि सीधे लखनऊ के केसरबाग बस अड्डे तक जाएंगी। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने के साथ-साथ परिवहन निगम की आय में भी वृद्धि होगी।
नवागत एआरएम संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि वह बरेली से स्थानांतरित होकर बाराबंकी आए हैं और उनकी प्राथमिकता बस संचालन को समयबद्ध एवं व्यवस्थित बनाना है। उन्होंने कहा कि बाराबंकी डिपो से लखनऊ, हैदरगढ़, टिकैतनगर, फतेहपुर, रामनगर सहित विभिन्न मार्गों पर चलने वाली बसों का संचालन निर्धारित समय के अनुसार सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने यात्रियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि यदि किसी चालक या परिचालक द्वारा अभद्र व्यवहार किया जाता है अथवा यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी होती है तो वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। शिकायत की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एआरएम ने बताया कि डग्गामार वाहनों की बढ़ती संख्या परिवहन निगम के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। इससे निगम को आर्थिक नुकसान हो रहा है। इस संबंध में उन्होंने आरटीओ और जिलाधिकारी को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि बाराबंकी, हैदरगढ़, रामसनेहीघाट और रामनगर बस अड्डों पर लंबी दूरी की कई बसें बिना रुके निकल जाती हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी होती है। अब ऐसी बसों को संबंधित बस अड्डों पर रुकना अनिवार्य किया जाएगा। इसके लिए अधीनस्थ अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय कर दी गई है।
संजीव श्रीवास्तव ने अपने कर्मचारियों और अधिकारियों को भी सख्त निर्देश दिए हैं कि ड्यूटी के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कर्मचारी निर्धारित समय पर अपनी ड्यूटी करें और यात्रियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
प्रेस वार्ता के बाद एआरएम ने प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री Satish Sharma से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान मंत्री ने बस संचालन को और बेहतर बनाने तथा यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।