लखनऊ। ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन (AIJGF) की ओर से आयोजित नेशनल ज्वेलर्स मीट (NJM) 2026 का भव्य आयोजन गुरुवार को हजरतगंज स्थित रेजेंटा सेंट्रल होटल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न जनपदों से आए 250 से अधिक ज्वेलर्स, स्वर्णकार एवं आभूषण व्यवसायियों ने भाग लिया। आयोजन AIJGF उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष मनीष वर्मा, प्रदेश महामंत्री राजेश सोनी एवं प्रदेश संयोजक विनोद माहेश्वरी के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि AIJGF के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज अरोड़ा रहे। विशिष्ट अतिथियों में जॉइंट एक्सपोर्ट कमिश्नर पवन अग्रवाल, राज्य जीएसटी विभाग के आयुक्त सुरेन्द्र सिंह (IRS), उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग के सचिव कुमार प्रशांत, लखनऊ मंडल के डीआरएम सुनील कुमार वर्मा तथा लखनऊ कमिश्नरेट के संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार शामिल रहे। राष्ट्रीय मीडिया सचिव सागर केसरवानी एवं राष्ट्रीय सचिव राजीव रस्तोगी की भी विशेष उपस्थिति रही।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज अरोड़ा ने कहा कि बदलते वैश्विक व्यापारिक माहौल, नई सरकारी नीतियों और तकनीकी नवाचारों के अनुरूप ज्वेलरी उद्योग को आधुनिक बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने व्यापारियों से संगठित होकर उद्योग के हितों की रक्षा करने और उपभोक्ताओं का विश्वास मजबूत करने का आह्वान किया।

तकनीकी सत्र में GJEPC की मुंबई टीम ने ज्वेलरी एक्सपोर्ट और अंतरराष्ट्रीय बाजार की संभावनाओं पर जानकारी दी। इंडिया गोल्ड मेटावर्स (IGM) के चेतन भंडारी ने AI आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म Elanzia का प्रदर्शन करते हुए बताया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता भविष्य के ज्वेलरी कारोबार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वहीं नितिन पांडे ने ज्वेलरी इंश्योरेंस से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में BIS हॉलमार्किंग, BNS की धारा 317, बिजनेस सिक्योरिटी, व्यापार विस्तार और आधुनिक प्रबंधन जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तृत जानकारी दी। व्यापारियों ने विशेषज्ञों से संवाद कर अपनी समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।
प्रदेश अध्यक्ष मनीष वर्मा ने कहा कि AIJGF प्रदेश के ज्वेलर्स और स्वर्णकारों को एक मजबूत और प्रभावी मंच उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। कार्यक्रम संयोजक विनोद माहेश्वरी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन व्यापारियों को नई तकनीक, नेटवर्किंग और व्यापार विस्तार के अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में लोकेश अग्रवाल, अंकित मेहरोत्रा, अजय अग्रवाल, राजीव रस्तोगी, सिद्धू जैन, सम्यक जैन, गोपाल सोनी सहित 200 से अधिक व्यापारियों ने विभिन्न विषयों पर चर्चा में भाग लिया। समापन अवसर पर सभी विशिष्ट अतिथियों एवं वक्ताओं को स्मृति-चिन्ह और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।