चोटिल कांवड़िए के मददगार बने अरविंद कुमार फौजी, बाइक से आनन-फानन पहुंचाया अस्पताल

गोला गोकर्णनाथ, खीरी। थाना हैदराबाद क्षेत्र के केशवापुर कस्बे में कांवड़ियों की सहायता के लिए बनाई गई अस्थायी चौकी इन दिनों श्रद्धालुओं के लिए मददगार साबित हो रही है। रविवार, 23 अगस्त की सुबह एक कांवड़िए के घायल होने पर चौकी पर तैनात अरविंद कुमार फौजी ने तत्परता दिखाते हुए उसे बाइक से अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार निपनिया गांव के निकट गोला शिव मंदिर कांवड़ लेकर जा रहे कांवड़ियों के जत्थे में शामिल शिवम (20) पुत्र श्रवण कुमार के पैर पर ट्रॉली का पहिया चढ़ गया। हादसे में उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही अरविंद कुमार फौजी ने बिना समय गंवाए घायल कांवड़िए को अपनी बाइक पर बैठाया और सीएचसी गोला पहुंचाया।

बताया गया कि सीएचसी गोला में समुचित उपचार न मिलने के बाद घायल शिवम को बाईपास स्थित सनशाइन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है।

अरविंद कुमार फौजी की इस तत्परता और मानवीय पहल की कांवड़ियों ने सराहना की। स्थानीय लोगों के मुताबिक अरविंद फौजी पूरे कांवड़ माह के दौरान केशवापुर में श्रद्धालुओं की सहायता और सेवा में सक्रिय रहे हैं, जिसके चलते वह कस्बेवासियों के बीच भी लोकप्रिय हो गए हैं।

कांवड़ियों का कहना है कि यात्रा के दौरान ऐसी मानवीय पहल श्रद्धालुओं का हौसला बढ़ाती है और सेवा भाव की मिसाल पेश करती है।