
बम्हनपुर-खीरी। 23 अगस्त 2026, रविवार को थाना मझगई क्षेत्र के ग्राम बौधिया खुर्द में कांवड़ यात्रा के सकुशल समापन की खुशी में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। गांव के प्रसिद्ध टेढ़ी घाट शिव मंदिर के पास आयोजित भंडारे में सुबह से ही शिवभक्तों और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
आयोजकों की ओर से भंडारे में पूड़ी-सब्जी, छोले-चावल और शीतल जल की व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं को प्रेमपूर्वक प्रसाद वितरित किया गया। भंडारे में बौधिया खुर्द के अलावा बम्हनपुर, खैहराना, लोधपुरवा सहित आसपास के कई गांवों से सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए।
ग्रामीणों ने बताया कि कांवड़ यात्रा के सफल समापन के बाद हर वर्ष इसी तरह भंडारे का आयोजन किया जाता है। इस आयोजन से पूरे क्षेत्र में भक्ति और भाईचारे का माहौल बना रहा। मंदिर परिसर में दिनभर ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे गूंजते रहे।
भंडारे के आयोजन में पीयूष कांत मौर्य, जितेंद्र मौर्य, प्रधान पुत्र पंकज मौर्य, संजय विमल, राजेश, रामकिशोर मौर्य, अखिलेश मौर्य और डॉ. मलखान सहित क्षेत्र के कई सम्मानित लोग मौजूद रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी आयोजन में सहयोग किया और भंडारे को सफल बनाने में अपनी भागीदारी निभाई।
आयोजकों ने बताया कि भंडारे का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के सकुशल समापन पर भगवान शिव के प्रति आस्था व्यक्त करने के साथ श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित करना था। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।