
सिंगाही, खीरी। थाना सिंगाही क्षेत्र के ऐली गांव में शनिवार दोपहर शौच के लिए खेत की ओर जा रही करीब 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ छिनैती और मारपीट की घटना से हड़कंप मच गया। आरोप है कि बाइक सवार बदमाश ने चाकू दिखाकर महिला की नाक की बाली लूट ली और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट कर हाथ पर चाकू से वार कर घायल कर दिया। पुलिस ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए टीम गठित कर दी है।
जानकारी के अनुसार ऐली गांव निवासी प्रेमा देवी (80) शनिवार दोपहर घर से करीब 200 मीटर दूर गन्ने के खेत में शौच के लिए जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार एक व्यक्ति ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाश ने चाकू दिखाकर उनकी नाक की बाली छीनने का प्रयास किया। बुजुर्ग महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की और चाकू से हाथ पर वार कर दिया। इसके बाद बदमाश नाक की बाली लेकर बाइक से फरार हो गया।
बयान देने के बाद बेहोश हुईं वृद्धा
पीड़िता के बेटे करण के मुताबिक घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ क्षेत्राधिकारी शिवम कुमार मौके पर पहुंचे और बुजुर्ग महिला से घटना की जानकारी ली।
बताया गया कि घटना के सदमे और दर्द के चलते बयान देने के कुछ देर बाद ही प्रेमा देवी बेहोश हो गईं। घटना के बाद गांव में भी दहशत का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सीओ शिवम कुमार ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। इसके बाद परिजनों की तहरीर पर अज्ञात बदमाश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के रास्तों और संभावित स्थानों पर छानबीन शुरू कर दी है।
बाइक सवार बदमाश की पहचान के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही पुलिस अन्य संभावित सुरागों की भी तलाश में जुटी है।
निघासन सीओ शिवम कुमार ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना के जल्द खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है।