गाली गलौज करने वाले नेताओं के चुनाव लड़ने पर रोक की मांग, आज़ाद अधिकार सेना ने राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा

हरदोई। आज़ाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर के निर्देशन में आज़ाद अधिकार सेना के सैनिकों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन में नेताओं द्वारा सार्वजनिक रूप से गाली गलौज, अभद्र और अमर्यादित भाषा के प्रयोग पर रोक लगाने की मांग की गई।

ज्ञापन में बताया गया कि विगत वर्षों में विभिन्न दलों के नेताओं द्वारा सार्वजनिक रूप से गाली गलौज करने, अभद्र टिप्पणियाँ करने और अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने के कई उदाहरण सामने आए हैं। इसमें भाजपा के एक नेता द्वारा संसद में लाइव प्रसारण के दौरान की गई गंभीर वर्गगत टिप्पणी और मध्य प्रदेश के एक मंत्री द्वारा सैन्य अधिकारी कैप्टन सोफिया कुरैशी के प्रति अमर्यादित टिप्पणी भी शामिल है। आज़ाद अधिकार सेना का कहना है कि यदि समाज का नेतृत्व करने वाले व्यक्ति ही इस प्रकार का व्यवहार करें तो वह समाज का सही मार्गदर्शन नहीं कर सकते।

ज्ञापन में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम में संशोधन कर ऐसे नेताओं को चुनाव लड़ने से रोकने की कानूनी प्रावधान बनाने की मांग की गई। ज्ञापन जोनल अध्यक्ष विमलेश शर्मा के नेतृत्व में जिला अध्यक्ष पंकज यादव द्वारा नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय में सौंपा गया। इस अवसर पर आज़ाद रोजगार सेवा के जिला महासचिव प्रेमपाल यादव, वरिष्ठ अधिवक्ता मुकेश अग्निहोत्री, अधिवक्ता अशोक कुमार, 156 सदर विधानसभा प्रत्याशी मोहित मिश्रा, सूर्यप्रताप, रामकुमार, शेखर, बीरूल, मायाराम सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।