
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती रविवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचीं और कार्यकर्ताओं के साथ आगामी बिहार पंचायत चुनाव और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ी बैठक की। इस बैठक में पार्टी की चुनावी रणनीति, संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक पहुँच बनाने पर चर्चा हुई।
बैठक में बसपा महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा, विधायक उमाशंकर सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। मायावती ने कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव की चुनौतियों और पार्टी की नीतियों पर अमल करने का मूल मंत्र दिया।
सूत्रों के अनुसार, मायावती ने संगठन के पदाधिकारियों से प्रदेश स्तर का फीडबैक भी लिया और साफ संदेश दिया कि चुनाव जीतने की कुंजी बूथ प्रबंधन और जमीनी मजबूती है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर पार्टी की विचारधारा और नीतियों को मजबूती से रखना होगा।
बसपा सुप्रीमो ने पार्टी कैडर से यह भी कहा कि विपक्षी दलों के भ्रामक प्रचार से सतर्क रहते हुए अपनी रणनीति पर केंद्रित रहना होगा। बैठक का माहौल पूरी तरह चुनावी तैयारी और संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण पर केंद्रित रहा।