
बहराइच में मेडिकल एजेंसी पर बड़ा छापा, भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद
बहराइच। जिले में नशीली एवं प्रतिबंधित दवाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र के अशरफा परसौरा स्थित शिवांश मेडिकल एजेंसी पर छापा मारकर भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद की हैं। इस कार्रवाई से अवैध दवा कारोबार में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में मेडिकल एजेंसी संचालक अजय यादव उर्फ पवन कुमार, पुत्र ननकू प्रसाद, निवासी अशरफा परसौरा, को जांच के दायरे में लिया गया है। बरामद दवाओं को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। बरामद दवाओं के स्रोत, लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों और इनके वितरण नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है। जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई जिले में अवैध रूप से संचालित नशीली दवाओं के कारोबार पर बड़ी चोट है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।