रामनवमी पर बहराइच हुआ राममय, भव्य शोभायात्राओं से गूंजा नगर और गांव

बहराइच। राम नवमी के पावन अवसर पर जनपद बहराइच में श्रद्धा, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक भव्य शोभायात्राओं का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे जिले में दिनभर “जय श्रीराम” के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
नगर की प्रमुख शोभायात्रा सिद्धनाथ मंदिर से धूमधाम के साथ प्रारंभ हुई। भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर निकाली गई इस यात्रा का नेतृत्व महंत रवि गिरी महाराज ने किया। शोभायात्रा में सजीव झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया, जिनमें भगवान राम के जीवन से जुड़े प्रसंगों का सुंदर चित्रण किया गया।
यह भव्य यात्रा निर्धारित मार्ग से होते हुए छोटी बाजार, गुरुनानक चौक, चित्रगुप्त चौराहा, अग्रसेन चौक और छावनी चौराहा से गुजरते हुए पुनः मंदिर परिसर में समाप्त हुई। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
आयोजन को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए थे। पूरे मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती रही, वहीं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई। प्रशासन की सतर्कता के चलते कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ।
शोभायात्राओं में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। पारंपरिक वेशभूषा में सजे श्रद्धालु भक्ति गीतों और भजनों पर झूमते नजर आए।
रामनवमी के इस पावन अवसर पर बहराइच जिले में आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का अनूठा उदाहरण देखने को मिला, जिसने पूरे क्षेत्र को राममय बना दिया।