रिपोर्ट: पंकज चतुर्वेदी

बाराबंकी। देवा-चिनहट मार्ग पर मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा गोपालपुर मोड़ के पास रात करीब 12:30 बजे हुआ, जहां मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने टक्कर हो गई।
जानकारी के अनुसार कोतवाली देवा क्षेत्र के मालिकसंड देवगांव निवासी 25 वर्षीय ब्रजेंद्र कुमार अपनी मां सुधा देवी (50) और छह वर्षीय बच्ची नैना के साथ एक मैरिज एनिवर्सरी समारोह से बाइक पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने ब्रजेंद्र कुमार और उनकी मां सुधा देवी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल नैना को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
एक ही हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक रोहित शुक्ला ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।