रिपोर्ट : पंकज चतुर्वेदी

हाईवे पर आग का कहर: ट्रेलर और ट्रक की भिड़ंत में दो जिंदा जले, दो गंभीर
बाराबंकी। लखनऊ-सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। हादसा कोतवाली हैदरगढ़ क्षेत्र के ग्राम चौबीसी के पास हुआ, जहां मुर्गी दाना लदे ट्रक में पीछे से एक तेज रफ्तार ट्रेलर जा भिड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ट्रेलर में सवार लोग उसमें फंस गए। आग की चपेट में आने से दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान निगोहा थाना क्षेत्र के नयाखेड़ा गांव निवासी मनोज कुमार (40) समेत दो घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया गया।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक शव मुर्गी दाना के बोरों के नीचे दब गया था, जिसे करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद बुधवार सुबह बाहर निकाला जा सका। दोनों शव बुरी तरह झुलस चुके हैं, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी है।
दुर्घटना के बाद हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।