
अछनेरा (आगरा): ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) अछनेरा में परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों के लिए फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी (एफएलएन) तथा एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकों पर आधारित पांच दिवसीय ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप शिक्षकों को बुनियादी भाषा एवं गणितीय दक्षताओं के प्रभावी शिक्षण के लिए तैयार करना है।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को गतिविधि आधारित शिक्षण, विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता का आकलन, भाषा एवं गणित के बुनियादी कौशल विकसित करने की प्रभावी विधियां तथा एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकों के बेहतर उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। साथ ही समूह चर्चा, शैक्षिक गतिविधियों और व्यवहारिक अभ्यास के माध्यम से शिक्षण प्रक्रिया को अधिक रोचक, सरल और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
बीआरसी अछनेरा में आयोजित इस प्रशिक्षण में ब्लॉक क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षामित्र उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। विभागीय अधिकारियों ने शिक्षकों से आह्वान किया कि प्रशिक्षण में सीखी गई नवाचारी शिक्षण विधियों और गतिविधियों को विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू कर विद्यार्थियों की बुनियादी शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित करें।