मारपीट से बचने को भागे कार सवारों ने राहगीर को रौंदा, मौत के बाद हंगामा — आरोपी गिरफ्तार

झांसी। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के सिमरधा बांध के पास खेत में चल रही जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट से बचने के लिए भाग रहे कार सवारों ने एक राहगीर को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम सिमरधा निवासी सचिन कुशवाह अपने खेत पर जन्मदिन की पार्टी मना रहा था। पार्टी में उसका साथी अमित गौतम भी मौजूद था। शोर-शराबा सुनकर ग्रामीणों ने विरोध किया, जिससे दोनों पक्षों में कहासुनी और फिर मारपीट शुरू हो गई।

बताया जा रहा है कि झगड़े में आशीष कौशिक, जो अमित का फूफा है, घायल हो गया। इसके बाद अमित ने उसे अपनी कार (UP 93 CC 3604) में बैठाकर अस्पताल ले जाने की कोशिश की। लेकिन इसी दौरान रास्ते में पाल कॉलोनी के पास उनकी कार ने एक राहगीर हनी साहू को टक्कर मार दी। राहगीर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मौत की खबर मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और लोग सड़क पर उतर आए। सूचना पर एसपी सिटी श्रीमती प्रीति सिंह स्वयं मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। वहीं घायल आशीष कौशिक को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।