‘रामनगर से भाजपा विधायक होता तो विकास और तेज होता’— सीएम योगी के बयान से शरद अवस्थी की बढ़ी सियासी चर्चा

रामनगर (बाराबंकी)।श्री लोधेश्वर महादेवा धाम में आयोजित जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक बयान रामनगर की राजनीति में नई चर्चाओं का केंद्र बन गया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा, “अगर रामनगर से भी भाजपा का प्रत्याशी चुनाव जीतकर आता तो क्षेत्र में विकास की योजनाएं और अधिक तेजी से संचालित होतीं।”
मुख्यमंत्री के इस बयान को राजनीतिक गलियारों में पूर्व भाजपा विधायक शरद अवस्थी के बढ़ते राजनीतिक महत्व से जोड़कर देखा जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं का मानना है कि यह टिप्पणी इस बात का संकेत है कि पार्टी रामनगर में अपने संगठन और जनाधार को और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने रामनगर और दरियाबाद विधानसभा क्षेत्रों के लिए ₹542.41 करोड़ की 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कर रही है, लेकिन जब क्षेत्र का जनप्रतिनिधि और सरकार एक ही सोच के साथ काम करते हैं तो योजनाओं के क्रियान्वयन में अधिक गति आती है।
मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी के बाद स्थानीय राजनीतिक हलकों में यह चर्चा तेज हो गई है कि रामनगर विधानसभा में पूर्व विधायक शरद अवस्थी की संगठनात्मक भूमिका और राजनीतिक प्रभाव पहले की तुलना में और मजबूत हुआ है। भाजपा समर्थक इसे भविष्य की चुनावी रणनीति का संकेत मान रहे हैं, जबकि विपक्ष इस बयान को राजनीतिक संदेश के रूप में देख रहा है।