
लखनऊ। Indian Youth Congress और National Students’ Union of India ने गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, लखनऊ में संयुक्त प्रेसवार्ता कर नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) पर गंभीर आरोप लगाए। प्रेसवार्ता में उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस मध्य जोन के कार्यवाहक अध्यक्ष Ankit Tiwari तथा एनएसयूआई मध्य जोन के अध्यक्ष Anas Rahman ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों का भरोसा तोड़ दिया है।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के संरक्षण में NTA लगातार परीक्षा संचालन में विफल साबित हो रही है, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। अंकित तिवारी ने कहा कि वर्तमान की “डबल इंजन सरकार” अब “पेपर लीक उद्योग” में बदल चुकी है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में 80 से अधिक प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं, जिनमें पुलिस भर्ती, लेखपाल भर्ती और हालिया नीट परीक्षा शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि छात्र दिन-रात मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन भ्रष्ट व्यवस्था और पेपर माफियाओं को मिले संरक्षण के कारण उनके सपनों के साथ खिलवाड़ हो रहा है। लगातार हो रहे पेपर लीक से छात्र-छात्राओं और अभिभावकों का मनोबल टूट चुका है।
एनएसयूआई नेता अनस रहमान ने कहा कि NTA अपनी विश्वसनीयता पूरी तरह खो चुकी है और केंद्र सरकार इस मुद्दे पर जवाब देने से बच रही है। उन्होंने मांग की कि नीट पेपर लीक मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही छात्रों को न्याय दिलाने के लिए परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाया जाए।
प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan के इस्तीफे की मांग करते हुए NTA को तत्काल प्रभाव से भंग कर नई एजेंसी गठित करने की मांग भी उठाई।
नेताओं ने कहा कि युवाओं के हितों को लेकर कांग्रेस हमेशा संघर्ष करती रही है। इसी क्रम में युवा कांग्रेस और एनएसयूआई ने घोषणा की कि कल केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार छात्रों के हितों की रक्षा करने में विफल रही तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रेसवार्ता के बाद समाजवादी छात्र सभा के नगर अध्यक्ष रहे Shreyas Rai अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए। इस दौरान प्रिंस प्रकाश, अखिलेश यादव, अहमद रजा खान, मो. नईम खान, गौरव शुक्ला, स्वप्निल चौरसिया, नीरज सिंह और दीपक पांडेय सहित कई नेता मौजूद रहे।