दुग्ध स्वर्ण महोत्सव-2026 का 17-18 अप्रैल को आयोजन, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में जुटेंगे विशेषज्ञ व निवेशक


लखनऊ। दुग्धशाला विकास विभाग के 50 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 व 18 अप्रैल 2026 को गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ‘दुग्ध स्वर्ण महोत्सव-2026’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह की उपस्थिति में सम्पन्न होगा, जिसमें अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम, दुग्ध आयुक्त धनलक्ष्मी के० सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
महोत्सव में प्रदेश के करीब 10 हजार पशुपालकों, दुग्ध उत्पादकों और निवेशकों को विभिन्न माध्यमों से जोड़ा जाएगा, वहीं वेबकास्टिंग के जरिए देश-विदेश के प्रतिभागी भी कार्यक्रम से जुड़ेंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों और निवेशकों को सम्मानित किया जाएगा तथा निजी क्षेत्र के निवेशक अपने स्टॉल के माध्यम से दुग्ध उत्पादों और नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम में डेयरी क्षेत्र में नई तकनीकों, स्वदेशी नस्ल के गौ पालन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने जैसे विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे। साथ ही स्वदेशी व्यंजनों का फूड कोर्ट भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। निवेश को बढ़ावा देने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से निवेशकों के साथ एमओयू भी किए जाएंगे।
पहले सत्र में गौ पूजन, प्रदर्शनी उद्घाटन, पुस्तिका विमोचन, सोशल मीडिया चैनल लॉन्च, डीबीटी के माध्यम से पुरस्कार वितरण और प्रगतिशील पशुपालकों का सम्मान किया जाएगा। दूसरे सत्र में दुग्ध विज्ञान से जुड़े शिक्षाविदों के व्याख्यान, नंद बाबा दुग्ध मिशन और दुग्ध नीति-2022 के लाभार्थियों के अनुभव साझा किए जाएंगे।