5 राज्यों के चुनाव परिणाम: पश्चिम-बंगाल में बदलते सियासी समीकरण

नई दिल्ली। सोमवार को पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे साफ होने जा रहे हैं और शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी का प्रदर्शन काफी मजबूत नजर आ रहा है। पश्चिम बंगाल और असम में पार्टी को बढ़त मिलती दिख रही है, जिससे कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। रुझानों में मिल रही बढ़त को देखते हुए भाजपा ने दिल्ली स्थित अपने मुख्यालय में जश्न की तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 6:30 बजे पार्टी मुख्यालय पहुंचेंगे, जहां वे न केवल संभावित जीत का जश्न मनाएंगे, बल्कि कार्यकर्ताओं को संबोधित कर उनका उत्साहवर्धन भी करेंगे।

पश्चिम बंगाल में बदलते सियासी समीकरण: बीजेपी आगे, टीएमसी पीछे

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना से सामने आए रुझानों के अनुसार भाजपा 169 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) 91 सीटों पर आगे चल रही है। ये आंकड़े राज्य के राजनीतिक परिदृश्य में बड़े बदलाव के संकेत दे रहे हैं। शुरुआती रुझान एक तरह से विभाजित जनादेश की ओर इशारा करते हैं, जहां भाजपा सीमावर्ती इलाकों, आदिवासी क्षेत्रों और औद्योगिक बेल्ट में मजबूत प्रदर्शन करती दिख रही है। वहीं, टीएमसी कोलकाता के कुछ हिस्सों और अपने पारंपरिक ग्रामीण गढ़ों में अपनी पकड़ बनाए रखने में सफल नजर आ रही है।

ममता बनर्जी के लिए अग्निपरीक्षा, भाजपा की निर्णायक जीत पर नजर

इस चुनाव को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लगातार चौथी बार सत्ता में वापसी के प्रयास की बड़ी परीक्षा के रूप में देखा जा रहा है। दूसरी ओर, भाजपा आक्रामक चुनावी रणनीति के जरिए 2021 में मिली बढ़त को इस बार निर्णायक जीत में बदलने की कोशिश कर रही है। भवानीपुर सीट पर मुकाबला बेहद रोमांचक बना हुआ है। शुरुआती दौर में ममता बनर्जी भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी से पीछे चल रही थीं, लेकिन तीसरे दौर की मतगणना के बाद उन्होंने 8,482 वोटों की बढ़त बना ली है। भवानीपुर सीट को दोनों दलों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई के रूप में देखा जा रहा है।