गोला में धूमधाम के साथ गणेश प्रतिमा का विसर्जन

गोला, गोकर्णनाथ-खीरी। नगर में देर रात तक गाजे-बाजे और श्रद्धा भाव के साथ गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। नगर में एक दर्जन से अधिक गणेश प्रतिमाओं को लेकर 1 किलोमीटर से भी अधिक लंबी शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें तरह-तरह की सजीव झांकियों का भी प्रदर्शन किया गया।

बीते 27 अगस्त से नवदिवसीय गणेश महोत्सव का आयोजन किया गया था। प्रतिदिन रात में भजन-कीर्तन और धार्मिक लीलाओं का मंचन किया जाता रहा। विसर्जन के दिन जुलूस में विभिन्न देवी-देवताओं की झांकियों के साथ गणेश सिंहासन के आगे सैकड़ों महिलाएं झाड़ू लगाते हुए चल रही थीं। युवाओं ने डीजे पर रंग और गुलाल खेलते हुए नृत्य किया, जबकि श्रद्धालुओं ने भीषण गर्मी में सभी को ठंडे पानी के पाउच वितरित किए। इस कार्य में अर्जुन भारद्वाज मनी का विशेष योगदान रहा।

इस अवसर पर गोला पुलिस क्षेत्राधिकारी रमेश कुमार तिवारी, गोला कोतवाली प्रभारी निरीक्षक और भारी पुलिस बल उपस्थित रहे, जिससे शोभायात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित रूप से संपन्न हुई।