
मुंबई/लखनऊ। क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज इंस्पेक्टर अविनाश सीजन 2 का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। पहले सीजन को दर्शकों से मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद मेकर्स अब दूसरे सीजन को और बड़े स्तर पर लेकर आए हैं। इस बार कहानी में ज्यादा एक्शन, गहरा इमोशन और राजनीति-अपराध के खतरनाक गठजोड़ का रोमांच देखने को मिलेगा। सीरीज में अभिनेता रणदीप हुड्डा एक बार फिर इंस्पेक्टर अविनाश मिश्रा के किरदार में नजर आएंगे।
जियो स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत इस सीरीज का निर्देशन नीरज पाठक ने किया है, जबकि उर्वशी रौतेला, अमित सियाल, अभिमन्यु सिंह, रजनीश दुग्गल, शालिन भनोट और फ्रेडी दारूवाला अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। सीरीज के ट्रेलर लॉन्च के लिए लखनऊ स्थित हयात रीजेंसी में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान शो की स्टारकास्ट और मेकर्स ने मीडिया और फैंस के बीच ट्रेलर लॉन्च किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों को नए सीजन की रोमांचक झलक दिखाई गई, जिसे लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
90 के दशक के उत्तर प्रदेश की पृष्ठभूमि पर आधारित है कहानी
इंस्पेक्टर अविनाश सीजन 2 की कहानी 1990 के दशक के उत्तर प्रदेश की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इस बार अविनाश मिश्रा खुद को ऐसे जाल में फंसा पाते हैं, जहां लड़ाई सिर्फ अपराधियों से नहीं बल्कि राजनीति और सिस्टम से भी है। बेटे की हत्या के आरोप और टूटते पारिवारिक रिश्तों के बीच अविनाश को ऐसी जंग लड़नी पड़ती है, जो उनके पुलिस कर्तव्यों से कहीं आगे निकल जाती है।
अपराध, राजनीति और भ्रष्ट सिस्टम के बीच संघर्ष
ट्रेलर में अपराध, राजनीति और भ्रष्टाचार के गठजोड़ को बेहद तीखे अंदाज में दिखाया गया है। जैसे-जैसे क्राइम लॉर्ड शेख और देवी हथियारों का नेटवर्क फैलाते हैं, वैसे-वैसे दोस्त और दुश्मन के बीच की सीमाएं धुंधली होने लगती हैं। सिस्टम के भीतर से मिले धोखे, सस्पेंशन और गिरफ्तारी के बाद अविनाश एक बड़े षड्यंत्र का हिस्सा बन जाते हैं, जो उन्हें पूरी तरह तबाह करने की धमकी देता है।

सीजन का स्केल बड़ा
एक्टर रणदीप हुड्डा ने अपने किरदार को लेकर कहा कि इस सीजन में अविनाश का असली संघर्ष सामने आएगा। उन्होंने कहा, “इस बार अविनाश सिर्फ अपराध से नहीं लड़ रहा, बल्कि अपने परिवार, अपनी सच्चाई और अपने अस्तित्व के लिए भी संघर्ष कर रहा है। सीजन का स्केल बड़ा है, एक्शन ज्यादा वास्तविक है और भावनाएं पहले से कहीं अधिक गहरी हैं।
उर्वशी रौतेला ने बताया शानदार अनुभव
सीरीज में अहम भूमिका निभा रहीं एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला ने कहा कि इंस्पेक्टर अविनाश सीजन 2 पहले से ज्यादा बोल्ड और रोमांचक है। उन्होंने कहा कि एक्शन, इमोशन और अप्रत्याशित ट्विस्ट से भरपूर इस कहानी का हिस्सा बनना उनके लिए शानदार अनुभव रहा। उर्वशी ने कहा कि जियोहॉटस्टार जैसे बड़े प्लेटफॉर्म के साथ काम करना बेहद खास रहा और उन्हें उम्मीद है कि दर्शकों को यह नया सीजन काफी पसंद आएगा।
निर्देशक नीरज पाठक ने कही यह बात
निर्देशक नीरज पाठक के मुताबिक दूसरे सीजन में पहले सीजन की उन सभी खूबियों को और ज्यादा प्रभावशाली तरीके से पेश किया गया है, जिन्हें दर्शकों ने पसंद किया था। उन्होंने कहा कि इस बार अविनाश को केवल अपराधियों से ही नहीं बल्कि अपने आसपास मौजूद सिस्टम से भी लड़ना पड़ेगा। शो में एक्शन के साथ-साथ भावनात्मक संघर्ष को भी गहराई से दिखाया गया है।
15 मई से जियोहॉटस्टार पर होगी स्ट्रीमिंग
जियो स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत इस क्राइम ड्रामा को ज्योति देशपांडे, नीरज पाठक, गोल्ड माउंटेन पिक्चर्स और कृष्ण चौधरी ने प्रोड्यूस किया है। इसकी कहानी नीरज पाठक, संजय मासूम और समीर अरोड़ा ने लिखी है।
इंस्पेक्टर अविनाश सीजन 2 का प्रीमियर 15 मई 2026 से जियोहॉटस्टार पर किया जाएगा।