
लखनऊ। भारतीय रेलवे की विस्तारित शाखा के रूप में स्थापित आईआरसीटीसी का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों और अन्य स्थानों पर खानपान एवं आतिथ्य सेवाओं को बेहतर और सुव्यवस्थित बनाना है। इसके साथ ही देश-विदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक टूर पैकेज भी संचालित किए जाते हैं।
आईआरसीटीसी के लखनऊ क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा श्रद्धालुओं के लिए एक विशेष घरेलू पर्यटन पैकेज “शक्तिपीठ यात्रा (06 रात/07 दिन) की घोषणा की गई है। यह विशेष यात्रा 24 जून 2026 से 30 जून 2026 तक संचालित की जाएगी। इस दौरान यात्रियों को उत्तर भारत के प्रमुख धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के दर्शन कराने के साथ-साथ एक यादगार आध्यात्मिक अनुभव प्रदान किया जाएगा।
आरामदायक यात्रा, होटल में ठहराव और भोजन की सुविधा शामिल
आईआरसीटीसी द्वारा इस टूर पैकेज में यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। यात्रा के दौरान यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था अच्छे होटलों में की जाएगी। पैकेज में प्रतिदिन नाश्ता एवं रात्रि भोजन, सभी प्रमुख दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, स्थानीय परिवहन, अनुभवी टूर एस्कॉर्ट की सेवाएं तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं शामिल की गई हैं, जिससे यात्रियों को एक आरामदायक और परेशानी मुक्त यात्रा का अनुभव मिल सके।
वैष्णो देवी, ज्वालाजी और चामुंडा देवी समेत कई शक्तिपीठों के होंगे दर्शन
इस विशेष धार्मिक यात्रा के अंतर्गत श्रद्धालुओं को कटरा स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर, धर्मशाला, मैक्लोडगंज, ज्वालाजी मंदिर, श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर, चामुंडा देवी मंदिर तथा अमृतसर के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को माता वैष्णो देवी, ज्वालाजी, श्री बज्रेश्वरी देवी एवं चामुंडा देवी शक्तिपीठों के दर्शन का अवसर मिलेगा। इसके अलावा अमृतसर स्थित विश्व प्रसिद्ध स्वर्ण मंदिर में मत्था टेकने का सौभाग्य भी यात्रियों को प्राप्त होगा।
पैकेज शुल्क की विस्तृत जानकारी
आईआरसीटीसी द्वारा निर्धारित पैकेज शुल्क के अनुसार एक व्यक्ति के अकेले ठहरने पर यात्रा का शुल्क ₹71,600 प्रति व्यक्ति रखा गया है। दो व्यक्तियों के एक साथ ठहरने पर यह शुल्क ₹59,100 प्रति व्यक्ति तथा तीन व्यक्तियों के साथ ठहरने पर ₹57,500 प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। माता-पिता के साथ ठहरने वाले 5 से 11 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए पैकेज शुल्क ₹50,300 (बेड सहित) और ₹48,400 (बिना बेड) रखा गया है। वहीं 2 से 4 वर्ष तक के बच्चों के लिए बिना बेड की सुविधा के साथ ₹32,900 प्रति बच्चा शुल्क निर्धारित किया गया है।