TMC Leader Arrested: ममता के पुष्पा का नेपाल प्लान कैसे एसटीएफ ने किया नाकाम, पढ़िए पूरी इनसाइड स्टोरी?

TMC Leader Arrested
टीएमसी नेता जहांगीर खान को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है।

नई दिल्ली/अमर भारती। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले राज्य की राजनीति में चर्चित नाम बन चुके तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेता जहांगीर खान को आखिरकार पश्चिम बंगाल स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और दार्जिलिंग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हत्या, रंगदारी, चुनावी हिंसा और अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित चल रहे जहांगीर खान को भारत-नेपाल सीमा पर स्थित पानीटंकी बाजार से गिरफ्तार किया गया।

ममता का पुष्पा दुम दबाकर भागा, आखिर हाथ लग ही गया

जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे संयुक्त अभियान चलाकर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। पिछले करीब दो सप्ताह से फरार चल रहे जहांगीर खान की तलाश में राज्य पुलिस की कई टीमें लगातार जुटी हुई थीं। जांच एजेंसियों को सूचना मिली थी कि वह देश छोड़कर नेपाल में शरण लेने की कोशिश कर रहा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तारी से पहले खान फंसीदेवा इलाके के एक होटल में छिपा हुआ था। बाद में उसने अपना ठिकाना बदलते हुए अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक एक सुरक्षित स्थान पर शरण ली थी। जांच एजेंसियों का मानना है कि वह लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहा था।

नेपाल का प्लान … जहांगीर खान एसटीएफ से नहीं बचा तो टूटा अरमान

खुफिया विभाग के अधिकारियों का दावा है कि जहांगीर खान नेपाल पहुंचने में सफल हो गया था और उसने काठमांडू में किराए पर एक मकान भी लिया था। बताया जा रहा है कि वह वहां कुछ दिनों तक रुका और अपने परिवार को भी नेपाल में बसाने की योजना बना रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि वह अपने बेटे का दाखिला नेपाल के एक स्कूल में कराने की तैयारी कर रहा था, ताकि लंबे समय तक वहां रह सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए खान ने बेहद सावधानी बरती। उसने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए, पुराने सिम कार्ड बदल दिए और यहां तक कि अपना व्हाट्सएप अकाउंट भी डिलीट कर दिया था। इलेक्ट्रॉनिक निगरानी से बचने के लिए उसने खुद को लगभग पूरी तरह अंडरग्राउंड कर लिया था।

पानी टंकी क्षेत्र से किया गया गिरफ्तार

हालांकि, जांच एजेंसियों ने उसके कुछ करीबी सहयोगियों और परिवार के सदस्यों की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी। तकनीकी निगरानी, यात्रा के पैटर्न और संपर्क सूत्रों की मदद से पुलिस को उसकी लोकेशन से जुड़े अहम सुराग मिले। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर एसटीएफ ने पानीटंकी क्षेत्र में जाल बिछाया और भारत लौटते ही उसे गिरफ्तार कर लिया। बंगाल एसटीएफ द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि डायमंड हार्बर पुलिस जिले के फलता थाना क्षेत्र में दर्ज कई मामलों में वांछित जहांगीर खान को खारीबाड़ी थाना क्षेत्र के पानीटंकी बाजार से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद उसे फांसीदेवा पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

टीएमसी के काले साम्राज्य की खुल रहीं परतें

पुलिस ने आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया, जहां से उसे आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए डायमंड हार्बर पुलिस जिले में ले जाने की अनुमति मिल गई। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं, जिससे उसके कथित आपराधिक नेटवर्क और सहयोगियों के बारे में भी खुलासे होने की संभावना है। राजनीतिक रूप से संवेदनशील माने जा रहे इस मामले पर अब पूरे राज्य की नजर बनी हुई है, क्योंकि विधानसभा चुनाव से पहले यह गिरफ्तारी बंगाल की राजनीति में नई बहस को जन्म दे सकती है।

यहां भी पढ़ें-

लखनऊ के रेलवे स्टेशनों पर दिखेगा बॉलीवुड का रंग: प्रसिद्ध फिल्मों का विशेष संकलन हुआ शुरू

वस्त्र उद्योग और माटीकला को नई पहचान देने की तैयारी, सीएम योगी ने दिए अहम निर्देश