देवपुर पारा योजना के 378 आवंटियों को लॉटरी से पार्किंग आवंटित: 622 आवंटियों ने कराई थी रजिस्ट्री

लखनऊ। कबीर नगर देवपुर पारा योजना के 378 आवंटियों को बुधवार को लॉटरी के माध्यम से पार्किंग का आवंटन किया गया। इस लॉटरी का आयोजन लखनऊ विकास प्राधिकरण के कमेटी हॉल में किया गया, जहां पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया गया। विशेष बात यह रही कि लॉटरी ड्रा की पर्चियां स्वयं आवंटियों के हाथों से निकलवाई गईं, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता और विश्वास सुनिश्चित किया जा सके।

एमआईजी श्रेणी के छह ब्लॉकों में उपलब्ध हैं 378 पार्किंग

एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि योजना के एमआईजी श्रेणी के छह ब्लॉकों में ओपन, स्टिल्ट और बेसमेंट पार्किंग को मिलाकर कुल 378 पार्किंग उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि 14 जून 2026 तक कुल 622 आवंटियों ने अपने भवनों की रजिस्ट्री करा ली थी। इन्हीं आवंटियों के बीच पार्किंग आवंटन के लिए लॉटरी ड्रा आयोजित किया गया। लॉटरी के माध्यम से 378 आवंटियों को पार्किंग आवंटित कर दी गई है।

शेष आवंटियों को मल्टीलेवल पार्किंग में मिलेगी जगह

लविप्रा के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि जिन आवंटियों को वर्तमान लॉटरी में पार्किंग आवंटित नहीं हो सकी है, उन्हें योजना में प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग में स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी आवंटियों को चरणबद्ध तरीके से पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। लॉटरी कार्यक्रम के दौरान अनुभाग अधिकारी अतुल कपूर सहित एलडीए के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।