
लखनऊ। राजधानी के तालकटोरा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। राजाजीपुरम स्थित पंडित दीनदयाल गर्ल्स डिग्री कॉलेज के पास तेज रफ्तार डीसीएम वाहन ने युवक को कुचल दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डीसीएम वाहन और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।
गोण्डा का रहने वाला था मृतक, राजाजीपुरम में रहकर करता था मजदूरी
मृतक की पहचान सुभाष कनौजिया उर्फ मिन्कू (22) पुत्र कन्नू प्रसाद कनौजिया के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गोण्डा जिले के उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कुमेदानी का निवासी था। वर्तमान में वह राजाजीपुरम के ई-ब्लॉक स्थित हैदर कैनाल के पास झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र में रह रहा था। बताया जा रहा है कि सुभाष काम से लौट रहा था। इसी दौरान ई-ब्लॉक स्थित लल्ला होटल के पास सड़क पार करते समय तेज रफ्तार डीसीएम की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, जुटाए गए साक्ष्य
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक तालकटोरा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम वाहन और उसके चालक को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, परिजनों से संपर्क की कोशिश
पुलिस ने मृतक के पास से मिले दस्तावेजों के आधार पर उसके परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शव को केजीएमयू मोर्चरी भेजा जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।