
लखनऊ। लखनऊ मेट्रो महिलाओं के लिए एक नई सौगात लेकर आया है। महिलाओं की सुविधा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए यूपी मेट्रो 5 जून 2026 को “मायदीदी” ईवी-बाइक सेवा शुरू करने जा रहा है जोकि एक मेट्रो फीडर सेवा है। इस सेवा का शुभारंभ उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लि. के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सुबह 11 बजे लखनऊ के विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन पर किया जाएगा।
बता दें कि “मायदीदी” महिलाओं के लिए विशेष ईवी-बाइक सेवा है। इसमें बाइक चलाने वाली और यात्रा करने वाली दोनों महिलाएं ही होंगी। इसका उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, आसान और सस्ती लास्ट माइल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है।
यह सेवा लखनऊ के 4 मेट्रो स्टेशनों पर होगी उपलब्ध
- विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन
- आईटी कॉलेज मेट्रो स्टेशन
- भूतनाथ मेट्रो स्टेशन
- कृष्णा नगर मेट्रो स्टेशन
10 महिला यात्रियों को मिलेगा विशेष उपहार
महिलाएं इन स्टेशनों से 5 किलोमीटर तक की दूरी के लिए केवल 15 रूपए में यात्रा कर सकेंगी। सेवा के शुभारंभ के अवसर पर 5 जून से 13 जून 2026 तक सभी महिला यात्रियों को यह सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। यह सेवा पर्यावरण के अनुकूल इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के साथ-साथ महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा करेगी।
शुभारंभ के दिन सेवा का उपयोग करने वाली पहली 10 महिला यात्रियों को विशेष उपहार भी दिए जाएंगे। मीडिया के सम्मानित बंधुओं को 5 जून 2026 को सुबह 11 बजे विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सादर आमंत्रित किया जाता है।