लखनऊ एयरपोर्ट की एयरपोर्टकर्मी महिला की संदिग्ध मौत: निजी अस्पताल पर लापरवाही का लगा आरोप

लखनऊ। लखनऊ के सरोजनी नगर थाना क्षेत्र में अमौसी एयरपोर्ट पर कस्टमर सर्विस एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत एक महिला की इलाज के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने कृष्णानगर स्थित एक निजी अस्पताल के डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के मुताबिक, सरोजनी नगर के बदाली खेड़ा निवासी एयरपोर्टकर्मी महिला गुरुवार को अपनी नियमित ड्यूटी के लिए अमौसी एयरपोर्ट गई थीं। मृतका के पति ने बताया कि रात करीब आठ बजे उन्हें पत्नी के कार्यालय से फोन आया, जिसमें बताया गया कि किरन की तबीयत अचानक खराब हो गई है। सूचना मिलते ही वह एयरपोर्ट पहुंचे और पत्नी को दवा दिलाने के बाद घर लेकर आ गए। उस समय उनकी हालत सामान्य प्रतीत हो रही थी, लेकिन देर रात अचानक उनकी तबीयत फिर बिगड़ने लगी।

परिजनों का क्या है आरोप

परिजनों के अनुसार, स्थिति गंभीर होने पर महिला को तत्काल कृष्णानगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोप है कि अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उन्हें तीन इंजेक्शन लगाए, जिसके बाद उनकी हालत और ज्यादा बिगड़ गई। परिवार का यह भी कहना है कि काफी देर तक अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों की ओर से उन्हें मरीज की वास्तविक स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई।

निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

शुक्रवार को अस्पताल में एक वरिष्ठ डॉक्टर को बुलाया गया, जिन्होंने जांच के बाद किरन यादव को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

पति ने अस्पताल के डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप दोहराते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।