अलीगंज में बदली जा रही 50 साल पुरानी सीवर लाइन: सेक्टर-एच के लोगों को मिलेगी सीवर ओवरफ्लो से राहत

लखनऊ। शहर के अलीगंज क्षेत्र स्थित मिनी स्टेडियम के पास सेक्टर-एच में लंबे समय से बनी सीवर ओवरफ्लो और जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए क्षतिग्रस्त सीवर लाइन को बदलने का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। यह कार्य वन सिटी वन ऑपरेटर परियोजना के अंतर्गत कार्यरत संस्था सुएज इंडिया द्वारा कराया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि नई सीवर लाइन बिछने के बाद सेक्टर-एच के कई हिस्सों में वर्षों से चली आ रही सीवर जाम और ओवरफ्लो की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी, जिससे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

सुएज इंडिया के नेटवर्क मैनेजर रजनीश शर्मा ने बताया कि जिस स्थान पर कार्य किया जा रहा है, वहां की सीवर लाइन लगभग 50 वर्ष पहले बिछाई गई थी। समय के साथ यह लाइन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी, जिसके कारण क्षेत्र में बार-बार सीवर जाम होने और गंदा पानी सड़कों पर बहने जैसी समस्याएं सामने आ रही थीं। इससे स्थानीय निवासियों को दैनिक जीवन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने बताया कि पुरानी और क्षतिग्रस्त लाइन को हटाकर आधुनिक मानकों के अनुरूप नई सीवर पाइपलाइन बिछाई जा रही है, जिससे पूरे क्षेत्र की सीवर व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक सुचारु और प्रभावी हो जाएगी।

शहर की सीवर व्यवस्था में आएगा व्यापक सुधार

नेटवर्क मैनेजर रजनीश शर्मा ने आगे बताया कि शहर में पुराने एवं जर्जर सीवर नेटवर्क के सुधार का कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सीवर सेवाएं उपलब्ध कराना, जल निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाना और सीवर ओवरफ्लो जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। विभाग का कहना है कि ऐसे कार्यों के पूरा होने से शहर की सीवर व्यवस्था में व्यापक सुधार आएगा और लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।