
लखनऊ। लखनऊ पब्लिक स्कूल्स एंड कॉलेजेज की ओर से शनिवार को गोमती नगर स्थित रामलाल मेमोरियल प्रेक्षागृह में “मेधा सम्मान समारोह 2026” का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में आईसीएसई, आईएससी, सीबीएसई एवं यूपी बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 542 मेधावी छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संस्थापक चेयरमैन एवं सांसद डॉ. एसपी सिंह ने मेधावियों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं नकद पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
समारोह में विभिन्न प्रशासनिक एवं प्रतिष्ठित पदों पर कार्यरत संस्था के 22 पूर्व छात्रों को भी सम्मानित किया गया। आईएएस, पीसीएस तथा अन्य उच्च पदों पर आसीन पूर्व विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। संस्था ने इसे अपने गौरवशाली शैक्षिक संस्कारों का परिणाम बताया।
शिवम अवस्थी ने देश में हासिल किया दूसरा स्थान
राजाजीपुरम शाखा, ए-ब्लॉक के आईसीएसई कक्षा 10 के छात्र शिवम अवस्थी ने 99.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर देश में दूसरा स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि पर उन्हें 1.50 लाख का चेक, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। वहीं सहारा स्टेट्स शाखा के शवीर प्रकाश श्रीवास्तव को 99 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर 50 हजार का चेक और सम्मान पत्र प्रदान किया गया।
आईएससी कक्षा 12 में ए-ब्लॉक, राजाजीपुरम शाखा की समृद्धि द्विवेदी और इकरा आलम ने 99.25 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि जूही चौधरी ने 99 प्रतिशत अंक हासिल किए। तीनों छात्राओं को 50-50 हजार के चेक, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
सीबीएसई और यूपी बोर्ड के मेधावियों का भी हुआ सम्मान
एलपीएस सीतापुर के सीबीएसई कक्षा 12 के छात्र श्रेयांश सिंह ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में पहला स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि पर उन्हें 50 हजार का चेक, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।
वहीं बी-ब्लॉक, राजाजीपुरम शाखा की यूपी बोर्ड कक्षा 12 की छात्रा आर्ची सिंह ने 93 प्रतिशत अंकों के साथ लखनऊ जनपद में दूसरा स्थान प्राप्त किया। भैरवी मौर्या ने 92.4 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा तथा समीक्षा राजपूत ने 91 प्रतिशत अंकों के साथ पांचवां स्थान हासिल किया। तीनों छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
बड़ी संख्या में अभिभावक और शिक्षक रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व एमएलसी कांति सिंह, संस्था के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार, महाप्रबंधक हर्षित सिंह, निदेशक नेहा सिंह, उपनिदेशक अनीता चौधरी और मीना टांगडी सहित सभी शाखाओं के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
राष्ट्र निर्माण के लिए प्रतिभाओं का सृजन हमारा लक्ष्य: डॉ. एसपी सिंह
इस दौरान संस्थापक चेयरमैन एवं सांसद डॉ. एसपी सिंह ने कहा कि लखनऊ पब्लिक स्कूल का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए प्रतिभाशाली युवाओं का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि संस्था के विद्यार्थी आज राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं, जो पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय है।