
लखनऊ। प्रदेश की राजधानी लखनऊ इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। लगातार बढ़ते तापमान और तेज धूप ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। गर्म हवाओं और उमस भरे मौसम के कारण लोगों को दिन के साथ-साथ रात में भी राहत नहीं मिल रही है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री ज्यादा था। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अधिकतम आर्द्रता 73 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 19 प्रतिशत रही। बढ़ती नमी और तेज गर्मी के चलते लोगों को वास्तविक तापमान से कहीं अधिक गर्मी महसूस हो रही है।
आने वाले दिनों में भी मौसम से राहत मिलने की संभावना नहीं
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में बने साइक्लोनिक प्रेशर और वातावरण में बढ़ती नमी के कारण गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी मौसम से राहत मिलने की संभावना नहीं है। रात के समय भी “वार्म नाइट” जैसी स्थिति बनी रहेगी, जिससे लोगों को नींद और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
बच्चों-बुजुर्गों और बीमार लोगों को सतर्कता बरतने की अपील
विशेषज्ञों के मुताबिक सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक का समय सबसे अधिक खतरनाक है। इस दौरान लू का प्रभाव चरम पर रहेगा और सिरदर्द, चक्कर, कमजोरी, डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं का खतरा काफी बढ़ जाता है। डॉक्टरों ने लोगों को बिना जरूरत घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। वहीं खेतों और निर्माण स्थलों पर काम करने वाले मजदूरों और किसानों को दोपहर के समय धूप से बचने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने भी लोगों से सावधानी बरतने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की अपील की है।
गर्मी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां
-दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें
-हल्के और सूती कपड़े पहनें
-सिर और चेहरे को ढककर रखें
-पर्याप्त मात्रा में पानी और ओआरएस का सेवन करें
-चाय, कॉफी और कोल्ड ड्रिंक का सेवन कम करें
-जानवरों के लिए छांव और पानी की व्यवस्था करें
वहीं लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलने के कोई संकेत नहीं दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में लोगों को आने वाले दिनों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।