लखनऊ में बीजेपी मुख्यालय पर प्रेस वार्ता: नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर विपक्ष पर साधा निशाना

लखनऊ: रविवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने संयुक्त रूप से पत्रकार वार्ता की। इस दौरान नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला गया।
प्रेस वार्ता में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि समाजवादी पार्टी तुष्टिकरण की राजनीति करती रही है और अब मुस्लिम महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण की मांग उठा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत का संविधान धर्म के आधार पर आरक्षण की अनुमति नहीं देता है, इसलिए ऐसी मांगें न केवल असंवैधानिक हैं बल्कि समाज को बांटने वाली भी हैं।
उन्होंने आगे कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसे ऐतिहासिक दिन पर विपक्ष ने महिलाओं की अपेक्षाओं को आहत किया और उस दिन को “काला दिन” बनाने का प्रयास किया। उनके अनुसार, इस फैसले के विरोध में देशभर में महिलाएं लगातार प्रदर्शन कर रही हैं और अपना रोष जता रही हैं।
केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि आने वाले समय में महिलाएं अपने वोट की ताकत से विपक्ष को जवाब देंगी और उन्हें सबक सिखाएंगी।