
लखनऊ, 16 अप्रैल। राजधानी के विकास नगर इलाके में देर रात हुए भीषण अग्निकांड ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। आग की चपेट में आकर दो मासूम बहनों की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है।मृत बच्चियों की पहचान 2 वर्षीय श्रुति और महज 2 माह की उसकी छोटी बहन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय दोनों बच्चियां घर के अंदर मौजूद थीं, जबकि उनके माता-पिता किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अचानक झोपड़ी में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और दोनों मासूम अंदर ही फंस गईं।स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी अंदर तक नहीं पहुंच सका। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।आग बुझने के बाद देर रात मलबे की तलाशी के दौरान दोनों बच्चियों के शव बरामद किए गए, जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस हृदयविदारक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पीड़ित परिवार मूल रूप से बाराबंकी का रहने वाला है और कई वर्षों से विकास नगर क्षेत्र में रहकर गुजर-बसर कर रहा था।इस भीषण अग्निकांड में कई झोपड़ियां और घरेलू सामान जलकर खाक हो गए। आग की चपेट में आने से मवेशियों में कुत्ते, मुर्गे और बकरियां भी जिंदा जल गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।