मोहाना के कटान से सहमे गांव, आशियाने बचाने की जद्दोजहद; झंडी महल से पहुंची राहत


राजा राजेश्वर सिंह और डीएम अंजनी कुमार सिंह ने जसनगर पहुंचकर लिया हालात का जायजा, प्रभावित परिवारों को राहत किट वितरित
निघासन-खीरी। मोहाना नदी के बढ़ते जलस्तर और तेज कटान ने निघासन तहसील क्षेत्र के ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। जसनगर और नया पिंड गांव में नदी का कटान लगातार तेज हो रहा है। जसनगर में कुछ मकान नदी की धारा में समा चुके हैं, जबकि कई घर अभी भी कटान की जद में हैं। ऐसे में ग्रामीण अपने आशियाने बचाने के लिए लगातार जद्दोजहद कर रहे हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को झंडी स्टेट के राजा एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजा राजेश्वर सिंह और जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने जसनगर गांव पहुंचकर कटान प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। दोनों ने मौके पर नदी के बढ़ते कटान की स्थिति देखी और प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं।
झंडी महल से पहुंची राहत सामग्री
कटान से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए राजा राजेश्वर सिंह की ओर से झंडी महल से राहत सामग्री पहुंचाई गई। उन्होंने अपने निजी मद से प्रभावित परिवारों को राहत किट वितरित की और संकट की इस घड़ी में ग्रामीणों के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
घर खाली कर सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नदी के कटान और जलस्तर पर लगातार नजर बनाए रखने तथा जरूरत के अनुसार तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
डीएम के निर्देश पर निघासन एसडीएम यदुवीर सिंह ने नदी किनारे रह रहे ग्रामीणों को सुरक्षा के मद्देनजर अपने घर खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी। प्रशासन ने ग्रामीणों से किसी भी तरह का जोखिम न लेने और खतरा बढ़ने की स्थिति में तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की अपील की है।
ग्रामीणों में बढ़ा भय
मोहाना नदी के लगातार बढ़ते कटान से जसनगर और नया पिंड गांव के ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि कटान इसी तरह जारी रहा तो कई और घर इसकी चपेट में आ सकते हैं। प्रशासन की निगरानी के बीच ग्रामीण नदी के रुख पर नजर बनाए हुए हैं।
इस दौरान जसनगर के प्रधान सुरेश तलवार, प्रकट सिंह, ब्रजेंद्र सिंह, रमेश मौर्य, राहुल गुप्ता, खुशीराम निषाद, डीके पाल, इन्द्रेश कुमार, शिवकुमार, श्रीकृष्ण मौर्य, खुशीराम लोधी, अंबिका राय, गया प्रसाद कन्नौजिया, विवेक मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।