वरिष्ठ पत्रकार राकेश सिंह के निधन से शोक में डूबा उतरौला, बुद्धिजीवी वर्ग ने जताया दुख


पत्रकारिता जगत ने खोया एक अनुभवी चेहरा, मीडिया कार्यालय में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए की प्रार्थना
उतरौला, बलरामपुर। जिले के वरिष्ठ पत्रकार राकेश सिंह के निधन की खबर से पत्रकारिता और बुद्धिजीवी वर्ग में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन पर पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों और विभिन्न वर्गों के लोगों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
मीडिया कार्यालय पर शोक सभा आयोजित कर उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखा। इस दौरान सभी ने राकेश सिंह के पत्रकारिता क्षेत्र में योगदान को याद किया और उनके निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
वरिष्ठ पत्रकार देवता तिवारी ने कहा कि राकेश सिंह ने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनकी लेखनी, समाचारों को प्रस्तुत करने का अंदाज और पत्रकारिता की शैली लंबे समय तक याद की जाएगी। उनका निधन पत्रकारिता जगत के लिए एक बड़ी क्षति है।
शोकाकुल परिवार के प्रति जताई संवेदना
शोक सभा में मौजूद पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि राकेश सिंह के निधन से उनके परिवार के साथ-साथ पत्रकारिता जगत ने भी एक महत्वपूर्ण साथी खो दिया है। सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल देने की प्रार्थना की।
इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार राजन श्रीवास्तव, नूर मोहम्मद, आलोक कुमार गुप्ता, गिरीश चंद्र मिश्र, आशीष कशौधन, सुशील श्रीवास्तव, वैभव चतुर्वेदी, हरीश गुप्ता, सुहेल अहमद खान, मोहम्मद अय्यूब, बजरंगी गुप्ता, नरेंद्र पटवा, वाजिद हुसैन, अंसार अली, बहलोल नियाजी समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।