
उतरौला, बलरामपुर। समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुमैया राणा ने अज्ञात व्यक्ति पर फोन और सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस को शिकायती पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस और साइबर सेल मामले की जांच में जुट गई है।
शिकायती पत्र के मुताबिक सुमैया राणा के मोबाइल नंबर पर 26 अगस्त को दोपहर बाद भारत में पंजीकृत एक मोबाइल नंबर से कॉल कर धमकी देने का आरोप है। इसके अलावा 31 अगस्त को विदेशी मोबाइल नंबर से दो बार कॉल किए जाने की बात कही गई है।
उन्होंने अपने शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया है कि उनके इमो अकाउंट पर 25 अगस्त को 27 बार और 31 अगस्त को पूरे दिन बार-बार कॉल किए गए। लगातार आ रहे कथित धमकी भरे कॉल से वह भयभीत हैं।
हालांकि, शिकायती पत्र में उन्हें किस तरह की धमकी दी गई, इसका स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है।
साइबर सेल कर रही जांच
सुमैया राणा ने मामले की शिकायत साइबर क्राइम कंट्रोल के टोल फ्री नंबर 1090 पर भी दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
साइबर सेल के प्रभारी निरीक्षक बलजीत राव ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस कॉल करने वाले नंबरों और अन्य संबंधित तथ्यों की जांच कर रही है।