मायावती का सपा के PDA फॉर्मूले पर तीखा हमला, बोलीं- राजनीतिक छलावे से सावधान रहे सर्वसमाज

लखनऊ। यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने अखिलेश के समाजवादी पार्टी के ‘PDA’ फॉर्मूले को लेकर सपा पर तीखा हमला बोला है। शनिवार को सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में बसपा अध्यक्ष मायावती ने कहा कि बसपा ‘सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ की नीति पर चलने वाली सर्वसमाज हितैषी अंबेडकरवादी पार्टी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बसपा इसी नीति और विचारधारा के आधार पर चार बार सरकार चला चुकी है।

बीएसपी अध्यक्ष मायावती ने समाजवादी पार्टी पर संकीर्ण जातिवादी राजनीति और चुनावी स्वार्थ के लिए समय-समय पर अपना राजनीतिक रंग बदलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा पहले अपने ‘PDA’ फॉर्मूले में ‘P’ का अर्थ पिछड़ा बताकर राजनीति करती थी, लेकिन अब अपरकास्ट, खासकर ब्राह्मण समाज के लोगों के बसपा से तेजी से जुड़ने और पार्टी की ओर से उन्हें उम्मीदवार बनाए जाने से सपा विचलित नजर आ रही है। मायावती के मुताबिक, इसी वजह से अब सपा के लिए ‘P’ का अर्थ ‘पंडित’ किया जाने लगा है।

मायावती ने सपा पर किया तीखा प्रहार

बसपा प्रमुख मायावती ने समाजवादी पार्टी की इस रणनीति को राजनीतिक छल और छलावे का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की संकीर्ण जातिवादी राजनीति से किसी व्यक्ति या वर्ग को कुछ समय के लिए राजनीतिक लाभ जरूर मिल सकता है, लेकिन इससे पूरे समाज का कल्याण संभव नहीं है। मायावती ने जोर देकर कहा कि बसपा की राजनीति किसी एक जाति या वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि पार्टी सर्वसमाज के हित और सामाजिक न्याय के सिद्धांत पर काम करती है।

पूर्व मुख्यमंत्री और बीएसपी प्रमुख मायावती ने सर्वसमाज के लोगों से सपा की कथित जातिवादी राजनीति और राजनीतिक दांव-पेच से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि संकीर्ण जातिवादी राजनीति से सतर्क रहना समय की मांग है और यह पूरे सर्वसमाज के हित में है। बसपा प्रमुख के इस बयान को उत्तर प्रदेश की सियासत में सपा और बसपा के बीच जारी राजनीतिक टकराव के संदर्भ में अहम माना जा रहा है।