बाराबंकी पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर हिस्ट्रीशीटर: चोरी की बाइक, नकदी और अवैध तमंचा बरामद

बाराबंकी। बाराबंकी जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना माती पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रविवार को पुलिस ने एक शातिर हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, 3600 रुपये नकद तथा एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया। आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है और उसके खिलाफ बाराबंकी व लखनऊ के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत करीब एक दर्जन मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन में थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी अंकुल यादव उर्फ जंगली पुत्र भगवती प्रसाद निवासी टिकरिया, थाना माती को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की मोटरसाइकिल (यूपी-55 एएच-6188), 3600 रुपये नकद तथा एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। अवैध हथियार मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ थाना माती में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि बरामद मोटरसाइकिल उसने लखनऊ के चिनहट क्षेत्र से चोरी की थी। इसके बाद थाना माती पुलिस ने लखनऊ पुलिस से संपर्क कर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अंकुल यादव उर्फ जंगली थाना माती का हिस्ट्रीशीटर है, जिसकी हिस्ट्रीशीट संख्या 24ए दर्ज है। वह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है और उसके खिलाफ कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक अमित कुमार, हेड कांस्टेबल अभिषेक सिंह, कांस्टेबल योगेंद्र मौर्य, रिजर्व कांस्टेबल मेहुल सिंह राठौर तथा अभिनेन्द्र सिंह शामिल रहे। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर उसके अन्य साथियों, चोरी की वारदातों और संभावित आपराधिक नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाने में लगी हुई है।