एनएच-730 पर भीषण हादसा, 10 लोगों की मौत

लखीमपुर खीरी के ईसानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-730 पर सोमवार को भरेहटा मजरा अदलीसपुर के पास मैजिक और ट्रक की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।
जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली तथा राहत कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए। इसके बाद दोनों अधिकारी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, जहां मृतकों की पहचान और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
डीएम और एसपी ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। इस दौरान एएसपी पूर्वी पवन गौतम, एसडीएम शशिकांत मणि और सीओ एसबी सिंह भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने हादसे को अत्यंत हृदयविदारक बताते हुए कहा कि यह घटना बेहद दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने बताया कि लखीमपुर से नानपारा (बहराइच) जा रही मैजिक में चालक समेत 10 लोग सवार थे। इसी दौरान बहराइच से लखीमपुर आ रहे ट्रक से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में मैजिक सवार 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मृतकों में सात पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।
डीएम ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में प्रतीत होता है कि ओवरटेक करने या किसी अन्य कारण से मैजिक वाहन अपनी लेन छोड़कर दूसरी लेन में चला गया, जिससे यह भीषण हादसा हुआ। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।
वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सड़क हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।