नवविवाहित युवक का शव जंगल में पेड़ से लटका मिला, क्षेत्र में सनसनी


सिंगाही-खीरी। थाना सिंगाही क्षेत्र में एक नवविवाहित युवक का शव जंगल में पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार सिंगाही थाना क्षेत्र के शीतलापुर गांव निवासी प्रहलाद पुत्र विश्वनाथ (26) की शादी बीती 15 मार्च को बम्भनपुर निवासी शिवानी के साथ हुई थी। परिजनों ने बताया कि 15 मई को लड़की के पिता अपनी पुत्री को विदा कराकर ले गए थे, जिसके बाद युवक काफी परेशान और दुखी रहने लगा था।
बताया गया कि उसी दिन प्रहलाद खेत में गुड़ाई करने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने 16 मई को थाना सिंगाही में युवक की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
सोमवार को घर से करीब एक किलोमीटर दूर जंगल में लकड़ी लेने गए ग्रामीणों ने एक पेड़ से युवक का शव लटकता देखा। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सिंगाही पुलिस मौके पर पहुंची। घटना स्थल पर निघासन क्षेत्राधिकारी शिवम कुमार भी पहुंचे और जांच पड़ताल की।
पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में लिया तथा आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
निघासन क्षेत्राधिकारी शिवम कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर पहले ही गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश की जा रही थी। सोमवार को उसका शव पेड़ से लटकता मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।