
सिंगाही, संवाददाता। पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम नौरंगाबाद में सोमवार को चतुर्थ नव शतचंडी महायज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। गाजे-बाजे और मां के जयकारों के बीच निकाली गई कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाएं, पुरुष, बच्चे और कन्याएं शामिल हुईं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।
महायज्ञ का शुभारंभ आचार्य सोने लाल मिश्र के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। कलश यात्रा यज्ञ स्थल से प्रारम्भ होकर यज्ञ समिति के अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि युजवेंद्र अवस्थी “नेकू” के नेतृत्व में गांव के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई बस स्टॉप सिंगाही पहुंची। इसके बाद श्रद्धालु मोतीपुर सरयू नदी तट पहुंचे, जहां महिलाओं और कन्याओं ने कलश में जल भरकर पुनः यज्ञ स्थल की ओर प्रस्थान किया।
यज्ञ स्थल पहुंचने पर विधि-विधान के साथ कलशों की स्थापना यज्ञशाला में की गई। यात्रा के दौरान गांव के विभिन्न समाजसेवियों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह पेयजल की व्यवस्था भी की गई।
कलश यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना अध्यक्ष दिलीप कुमार चौबे पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।