
निघासन ने पकड़ी अवैध बालू से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, खनन माफिया में हड़कंप
निघासन, खीरी। थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन की शिकायतों के बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बालू से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी है। कार्रवाई निघासन क्षेत्राधिकारी शिवम कुमार के नेतृत्व में की गई। वाहन को आवश्यक कागजात न मिलने पर थाना निघासन में खड़ा कराकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार 21 अगस्त की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि अवैध खनन कर बालू से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली निघासन कस्बे की ओर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर सीओ निघासन ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार मौके पर वाहन से संबंधित आवश्यक कागजात उपलब्ध नहीं थे, जिसके बाद उसे थाने में खड़ा करा दिया गया।
बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान कथित रूप से खनन से जुड़ा बब्लू नामक व्यक्ति मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वाहन तथा खनन से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
तराई क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर लगातार शिकायतें सामने आने के बाद पुलिस की इस कार्रवाई से खनन कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि रात के अंधेरे में खनन किए जाने से प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहती है।
इस संबंध में सीओ निघासन शिवम कुमार ने कहा कि नियमों के विपरीत कार्य करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।