प्रयागराज में दर्दनाक रेल हादसा, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस की चपेट में आकर 5 लोगों की मौत

Ai image

प्रयागराज:जनपद प्रयागराज के करछना क्षेत्र स्थित पचदेवरा हाल्ट पर बुधवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर चीख-पुकार का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पचदेवरा हाल्ट पर अत्यधिक भीड़ होने के कारण कुछ लोग रेलवे ट्रैक के काफी करीब पहुंच गए थे। इसी दौरान अचानक ट्रेन आ गई और वे उसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
रेलवे पीआरओ के मुताबिक, गाड़ी संख्या 12312 के गार्ड और लोको पायलट ने शाम करीब 6:15 बजे डाउन लाइन पर एक शव देखे जाने की सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को तत्काल रोका गया। इसी दौरान गाड़ी संख्या 12801 पुरुषोत्तम एक्सप्रेस करीब 6:47 बजे इस स्थान से गुजर रही थी, जिससे यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए आसपास के कई थानों की फोर्स भी तैनात की गई है। अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है।
रेलवे और पुलिस टीम ने सभी पांच शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान के लिए आसपास के गांवों में सूचना भेजी जा रही है और परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस हादसे के चलते मुख्य रेल मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, हालांकि बाद में ट्रैक को साफ कर रेल संचालन बहाल कर दिया गया। करछना थाना प्रभारी प्रवीण कुमार गौतम ने बताया कि मृतकों की पहचान प्राथमिकता के आधार पर कराई जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
फिलहाल प्रशासन हादसे के कारणों की गहनता से जांच कर रहा है और लोगों से रेलवे ट्रैक के पास सतर्क रहने की अपील की गई है।